अल्मोड़ा में सड़क हादसा, जागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरा
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /
अल्मोड़ा/ जनपद अल्मोड़ा: बड़ी खबर सामने आई है. अल्मोड़ा जिले में आज मंगलवार 16 जून को भीषण सड़क हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा मैक्स वाहन गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में 4 बच्चों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए. घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया, जहां से दो महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है. फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार मैक्स सवार सभी श्रद्धालु टनकपुर मेले में दुकान लगाने के बाद परिवार सहित कैंची धाम और जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए निकले थे. जैसे श्रद्धालुओं का वाहन बाड़ेछीना पहुंचा तो ड्राइवर गलती से सही मार्ग के बजाय धौलछीना मार्ग की ओर मुड़ गया. बाड़ेछीना से लगभग एक किलोमीटर आगे बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर ड्राइवर का वाहन संख्या UK-03TA-0097 को नियंत्रित नहीं कर पाया और वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों की तत्परता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका. घायलों की सूची: दिनेश कुमार शुक्ला (62) प्रतिमा शुक्ला (50) पूर्णिमा शुक्ला (24) स्नेहा शुक्ला (23) अमित तिवारी (32) दीपाली तिवारी (25) दिव्यांश तिवारी (5) शिवांश तिवारी (2) निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) ममता कौशल मानवी कौशल निवासी अयोध्या (उत्तर प्रदेश) वाहन चालक शेर सिंह (56), निवासी मोहनपुर, जिला चम्पावत भी हादसे में घायल हुए हैं. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा शुक्ला और दीपाली तिवारी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
Post a Comment