लालकुआं: गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पर किया धरना-प्रदर्शन
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /-
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में गैस की भारी किल्लत से परेशान गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा आखिरकार सोमवार को फूट ही पड़ा, गैस सिलेंडर ना मिलने से नाराज लोगों ने क्षेत्र की एकमात्र इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस धरने का नेतृत्व कनिष्ठ प्रमुख कमल भंडारी ने किया। धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जानबूझकर गैस की आपूर्ति बाधित की जा रही है और कालाबाजारी को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल इंडेन गैस उपभोक्ताओं का कहना था कि प्रशासन के आदेश के बावजूद इंडेन गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को गैस की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। जिसके कारण जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को ऊंचे दामों पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गैस उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया और क्षेत्र में जल्द से जल्द आपूर्ति व्यवस्था सुचारू करने की मांग की, साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में जल्द ही सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि क्षेत्र में रोस्टर प्रणाली के तहत घर-घर गैस वितरण आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
Post a Comment