रानीखेत : बगवान गांव निवासी होटल शेफ मोहित बिष्ट की ओमान में मौत
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /
अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत ताड़ीखेत ब्लॉक के ग्राम बगवान निवासी एक युवक की ओमान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में मातम का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार बगवान गांव निवासी किसान खीम सिंह के पुत्र मोहित बिष्ट (32 वर्ष) पिछले लगभग तीन वर्षों से रोजगार की तलाश में ओमान में रह रहे थे, जहां वह एक होटल में शेफ के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि 22 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह दुखद सूचना परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। वहीं होटल लाइन और प्रवासी युवाओं में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार मोहित बिष्ट बेहद मेहनती, शांत और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। उनकी असमय मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक पसरा हुआ है। परिजन और ग्रामीण प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मोहित के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ों में रोजगार के सीमित अवसर होने के कारण बड़ी संख्या में युवा मजबूरी में विदेशों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में इस प्रकार की दुखद घटनाएं समाज को भीतर तक झकझोर देती हैं। कुछ पैसों और बेहतर भविष्य की उम्मीद में परिवार से दूर रहकर संघर्ष कर रहे युवाओं का जीवन कितना कठिन होता है, इस घटना ने एक बार फिर उस दर्द को सामने ला दिया है।
Post a Comment