मुख्यमंत्री की घोषणा हवा-हवाई! सड़क न बनने से नाराज ग्राम प्रधान और दर्जनों कार्यकर्ताओं ने छोड़ी भाजपा
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /-
अल्मोड़ा/सोमेश्वर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं का धरातल पर क्रियान्वयन न होने से अब जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का धैर्य जवाब देने लगा है। ताज़ा मामला अल्मोड़ा जिले के विकासखंड ताड़ीखेत (सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र) के ग्राम पंचायत सुनियाकोट का है, जहाँ सड़क निर्माण न होने से आक्रोशित ग्राम प्रधान सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्रामीणों के अनुसार, 19 नवंबर 2022 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा भ्रमण के दौरान सुनियाकोट-सोनी-कोडुली मोटर मार्ग (04 किमी)* के निर्माण की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी थी कि उन्हें सड़क की सुविधा मिलेगी, जिससे आपातकाल में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमारों को अस्पताल पहुँचाने में होने वाली दिक्कतें दूर होंगी।
"प्रशासन कर रहा टालमटोल"
ग्राम प्रधान राजेन्द्र सिंह परिहार और ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद प्रशासन इस कार्य में लगातार टालमटोल कर रहा है। बार-बार निवेदन करने के बाद भी निरीक्षण के नाम पर केवल बहानेबाजी की जा रही है।
नाराज ग्राम प्रधान राजेन्द्र सिंह परिहार ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि घोषणा के वर्षों बाद भी कोई सुनवाई न होने के कारण वे अपने समस्त ग्राम सभा के कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। दिनांक 2 अप्रैल 2026 को सामूहिक इस्तीफा सौंपा गया है चेतावनी- ग्रामीणों ने दोटूक कहा है कि यदि सड़क का निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वर्ष 2022 की तरह ही 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों का भी पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न होने से क्षेत्र में पलायन बढ़ रहा है ।
Post a Comment