नैनीताल पुलिस का बड़ा काम: 37.48 लाख के 200 गुम मोबाइल बरामद, लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /-
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच गुम हुए करीब 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। करीब 37.48 लाख रुपये कीमत के इन मोबाइल फोन की बरामदगी से 200 लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत मोबाइल ऐप सेल और साइबर सेल की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस को मोबाइल ऐप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुमशुदगी की सूचनाएं प्राप्त हुई थीं, जिन पर संज्ञान लेते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए।बरामद मोबाइल में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, वन प्लस, रियलमी, रेडमी समेत कई नामी कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस टीम ने IMEI नंबर के आधार पर इन फोनों को ट्रेस कर बरामद किया और सत्यापन के बाद संबंधित स्वामियों को सौंप दिया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सफलता में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति की अहम भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे तकनीक के सहारे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
Post a Comment