हल्द्वानी: जनगणना 2027 में पहली बार ‘स्व-गणना’ की सुविधा, 10 से 24 अप्रैल तक घर बैठे भरें जानकारी
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /-
हल्द्वानी। (नैनीताल ) जनगणना-2027 के पहले चरण में इस बार नागरिकों को एक नई डिजिटल सुविधा दी गई है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि पहली बार जनगणना प्रक्रिया में ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) का विकल्प जोड़ा गया है, जिससे लोग अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। आयुक्त ने कहा कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया में बड़ा बदलाव है, जिससे नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और आंकड़ों की सटीकता में सुधार होगा। स्व-गणना के जरिए नागरिक अपनी जानकारी सावधानीपूर्वक भर सकते हैं, जिससे त्रुटियों की संभावना कम होगी। साथ ही, जब प्रगणक घर आएंगे तो उन्हें पहले से दर्ज डेटा मिल जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज और आसान हो जाएगी। स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से OTP के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद राज्य, जिला और स्थानीय निकाय का चयन कर डिजिटल मैप पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा और परिवार से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। सबमिट करने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी है। दीपक रावत ने आश्वस्त किया कि सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
Post a Comment