⚡ ब्रेकिंग News

केदारनाथ धाम के कपाट खुले हर, हर महादेव” के जयघोष से गूंजा धाम

 

Dainik Today Khabaren /

रुद्रप्रयाग/: आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के बीच केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की।
कपाटोद्घाटन के दौरान सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने माहौल को और अधिक दिव्य बना दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यह भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। यात्रा मार्गों पर बेहतर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य की भावना बनाए रखें। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण किया गया, जिससे आज यह धाम और अधिक आकर्षण का केंद्र बन गया है।

इससे पहले भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान कर विभिन्न पड़ावों से होते हुए धाम पहुंची। प्रातः 5 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जिसके बाद मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर ठीक 8 बजे कपाट खोल दिए गए।
कपाटोद्घाटन के अवसर पर मंदिर परिसर को 50 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया। साथ ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई, जिसने इस आयोजन को और भव्य बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...