अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /
अल्मोड़ा। जनपद में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में पुनरीक्षण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों तथा इसके सफल क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट (BLA) निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए को सक्रिय रखने तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय में प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। निर्वाचन विभाग की ओर से गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया और संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। साथ ही दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, पात्र मतदाताओं के सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा त्रुटियों के संशोधन संबंधी प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए से सक्रिय सहयोग देने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई तथा निर्वाचन विभाग ने विभिन्न प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान किया। अधिकारियों ने जनपद में पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पक्षों के सहयोग और समन्वय पर बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment