अल्मोड़ा पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज सल्ट में साइबर जागरुकता का पढ़ाया पाठ।
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा पुलिस ने सल्ट के पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्र-छात्राओं को जागरुकता का पाठ पढ़ाया, जिसमें उन्हें जीवन में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा जनपद के कोतवाली एवं थाना प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों, नगर, कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न संस्थानों में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सामाजिक जागरुकता को बढ़ावा देने हेतु लगातार जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में थाना सल्ट व ई-मोबाइल वैन पुलिस टीम द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सल्ट के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को जागरुक किया गया। इस दौरान डिजिटल अरेस्टिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, साइबर क्राइम से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, नए आपराधिक कानून एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा के तहत यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अलावा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। उपस्थित छात्र-छात्राओं व स्टाफ को नशे से संबंधित किसी भी गोपनीय सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन सहायता हेतु डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया।
Post a Comment