हल्द्वानी को मिलेगी हल्द्वानी दिल्ली एक्सप्रेस-वे की सौगात
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /
देहरादून/ नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर दिल्ली–हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण को लेकर जोरदार पैरवी की। उन्होंने इस परियोजना को कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। साथ ही प्रधानमंत्री को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सामने राज्य के विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं रखीं। उन्होंने मेरठ तक संचालित रैपिड रेल का विस्तार हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक करने का प्रस्ताव दिया। इसके अलावा टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने और दिल्ली–हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे को प्राथमिकता देने की मांग प्रमुख रूप से रखी। सीएम धामी ने रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए नीति समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में रक्षा उत्पादन औद्योगिक हब विकसित करने तथा रायकवाला क्षेत्र में लॉजिस्टिक हब स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही उत्तरकाशी जिले में स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार का अनुरोध किया।शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका रेल परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत ऋषिकेश से व्यासी खंड के शीघ्र लोकार्पण की मांग की। टनकपुर–बागेश्वर रेल लाइन में रोड-कम-रेल टनल निर्माण, बागेश्वर–कर्णप्रयाग नई रेल लाइन के सर्वे तथा हरिद्वार–देहरादून रेल लाइन को डबल ट्रैक करने का प्रस्ताव भी केंद्र के समक्ष रखा गया। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए ऋषिकेश–उत्तरकाशी रेल लाइन निर्माण का भी प्रस्ताव दिया गया। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के तहत राष्ट्रीय जल विकास अभिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरीासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुरोध किया। इसके अलावा पिथौरागढ़ की नैनी-सैनी हवाई पट्टी के लिए एएमयू, चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं के संचालन, ऋषिकेश में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, चंपावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून–मसूरी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने की मांग भी रखी। नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मां सुरकंडा देवी की रजत प्रतिमा, बड़ी गाय की घी, राज्य के विभिन्न जिलों में उत्पादित पांच प्रकार के राजमा और शहद भेंट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से उत्तराखंड में विकास का इंजन तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए चौखुटिया, दुगालबिट्टा, पातालभुवनेश्वर और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। वहीं रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं। राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन को बढ़ावा देने के लिए नई नीति भी तैयार की जा रही है
Post a Comment