उत्तराखंड में बारिश डालेगी खलल,अगले दो दिन सावधान रहें.. पूरे प्रदेश में बारिश के आसार
Dainik Today Khabaren0
Dainik Today Khabaren /
उत्तराखंड में मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन हो सकता है, जबकि 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार पर्वतीय जनपदों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। खासतौर पर चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चारधाम यात्रियों के लिए विशेष अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसको देखते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी को स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। राजधानी देहरादून में आज आंशिक बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
Post a Comment